लोहरदगा के कुडू में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, दो टेंपो से अवैध अंग्रेजी शराब, नकली शराब बनाने का सामान पकड़ाया, दो तस्कर गिरफ्तार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 7, 2026

लोहरदगा के कुडू में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, दो टेंपो से अवैध अंग्रेजी शराब, नकली शराब बनाने का सामान पकड़ाया, दो तस्कर गिरफ्तार

लोहरदगा : लोहरदगा पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुडू-चांपी मार्ग पर नकली शराब बनाने और उसकी तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो मालवाहक टेंपो से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, स्प्रिट, नकली ब्रांड के स्टीकर, ढक्कन और शराब निर्माण में प्रयुक्त मशीनें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस अब इस पूरे गिरोह के सरगना और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुट गई है।
बताया जाता है कि लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुडू-चांपी मार्ग से दो मालवाहक वाहनों में अवैध अंग्रेजी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में किस्को अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

See also  लोहरदगा में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज,ज्यादा से ज्यादा मामलों के निष्पादन का लक्ष्य

पुलिस को देखकर वाहन छोड़ भागे चालक
पुलिस टीम ने कुडू-चांपी मार्ग स्थित टिको मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान कुडू की ओर से आ रहे दो मालवाहक टेंपो को रोकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर दोनों चालक वाहन सड़क पर छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के कमड़े निवासी 21 वर्षीय सुधीर कुमार साहु और लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र के विश्रामगढ़ निवासी 20 वर्षीय प्रकाश लोहरा के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां तैयार की गई थी और इसकी आपूर्ति किन इलाकों में की जानी थी।

ब्रांडेड शराब के नाम पर तैयार हो रही थी नकली खेप
वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को जो सामग्री मिली, उसने जांच को नया मोड़ दे दिया। एक टेंपो से 20 लीटर क्षमता वाले 16 जार मिले, जिनमें अधिकांश में अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। दूसरे वाहन से करीब 25 लीटर संदिग्ध कॉफी रंग का तरल पदार्थ, स्प्रिट से भरे डिब्बे, तीन टुल्लू पंप, दो मशीनें, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें, नकली स्टीकर, बारकोड और आरसी लिखे ढक्कन बरामद किए गए। प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था। बरामद सामान की जांच कराई जा रही है ताकि शराब की गुणवत्ता और उसके निर्माण की प्रक्रिया का भी पता लगाया जा सके।

See also  लोहरदगा-रांची मेमू ट्रेन में छात्रा से छेड़छाड़, दहशत के बाद रांची की रहने वाली छात्रा ने कॉलेज में पढ़ाई छोड़ी

पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में कुडू थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 274, 338 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपित केवल तस्करी के वाहक हैं या फिर पूरे गिरोह का हिस्सा, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली शराब बनाने का ठिकाना कहां है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जाएगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now