सीतामढ़ीः शनिवार सुबह डुमरा थाना क्षेत्र में जिला पार्षद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। केथरिया गांव में जिला परिसद क्षेत्र संख्या-13 की पार्षद खुशदिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो को सुबह में मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने गोली मारी। बाइक सवार चार अपराधियों ने पथरिया श्मशान घाट के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की। करीब आठ गोली लगने से जिला पार्षद पति की मौत हो गई।
![]()
ग्रामीणों ने बताया कि अवैध शराब तस्करी का विरोध करने पर बैद्यनाथ महतो की हत्या की गई है। 28 अगस्त की रात को भी अपराधियों ने जिला पार्षद सदस्य के घर पर हमला किया था। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया और बवाल काटा। आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपित बताए जा रहे गांव के ही एजाज के घर में आग लगा दी।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अमित रंजन और एसडीएम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।पथराव में इंस्पेक्टर अनिल राम और ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी। दोनों पुलिस अधिकारियों को उपचार के लिए भेजा गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो दरोगा को भी मौके से खदेड़ दिया।

इसके बाद पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। एसपी ने खुद के चोटिल होने की बात से इंकार किया है।बताया जा रहा है कि क्षेत्र में शराब कारोबार के विरोध और शराब कारोबारी के खिलाफ शिकायत को लेकर उनका विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। आरोपियों की संख्या, हत्या का मकसद और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है। एसपी अमित रंजन ने बताया कि ”सभी बिंदुओं पर जांच कर मामले का खुलासा किया जाएगा।”





