रांचीः जिला के रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर तमाड़ थाना क्षेत्र के गागरसतिया स्थित राजू होटल के समीप शनिवार रात करीब नौ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक बाइक, एक ऑटो और दो कारें आपस में टकरा गईं।
इस दुर्घटना में बाइक सवार पंडरानी निवासी गोपेश्वर कुम्हार उर्फ फुचू कुम्हार (50) की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र राजू कुम्हार (25) समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोग शादी समारोह में भोज खाकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ने पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही एक ऑटो की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दो कारों से टकरा गया। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
एक की मौत, पांच गंभीर, रिम्स रेफर
इस हादसे में गोपेश्वर कुम्हार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।उनके पुत्र राजू कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं कार्तिक अहीर, गौरव यादव, मंजीत कुमार यादव तथा दो अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। घायलों में गणेश अहीर, मनीष अहीर, मोहित अहीर, दुर्गा सिंह सरदार, कमली देवी, निशा मुंडा और गणेश यादव शामिल हैं।
क्या बोले थाना प्रभारी
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दो कार, एक ऑटो और एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में ऑटो के गलत दिशा से आने की बात सामने आई है।सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पीड़ित ने बताई पूरी घटना
घटना में घायल एक पीड़ित ने बताया कि वे लोग शादी समारोह से भोज खाकर पैदल लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद सामने से गलत दिशा में आ रही ऑटो की बाइक से टक्कर हो गई और फिर ऑटो दो कारों से जा भिड़ा। इसके बाद देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
डॉक्टर ने क्या कहा
तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. इंद्रजीत कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल नौ घायल अस्पताल लाए गये। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर किया गया।अन्य सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।प्रारंभिक जांच में सड़क पर लापरवाही और गलत दिशा से वाहन चलाना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।






