भोजपुर: जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव के निकट रविवार को दिनदहाड़े गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ यादव के 35 वर्षीय पुत्र राजेश यादव के रूप में हुई है।
राजेश यादव का आपराधिक इतिहास: पुलिस के अनुसार राजेश यादव हाल ही में एक आपराधिक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके ऊपर फायरिंग, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत करीब एक दर्जन मामले दर्ज थे। वह अपनी मां का इलाज कराने बिहिया गया था और घर लौटते समय हमले का शिकार हुआ।
योगेंद्र यादव पर आरोप: जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टिपुरा निवासी योगेंद्र यादव पर गोली चलाने का आरोप सामने आया है। गोली लगने के बाद राजेश को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित के घर से पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है।
पुरानी रंजिश की आशंका: एसडीपीओ ने कहा कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच चल रही है। आरोपित योगेंद्र यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
क्या कहते हैं परिजन: मृतक के चाचा ने बताया कि राजेश अपनी मां को दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे घेरकर गोली मार दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपित के अलावा अन्य लोग भी हमले में शामिल थे।
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। एफएसएल टीम को बुलाया गया है और घटनास्थल को सुरक्षित रखकर जांच की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।






