लोहरदगा : झारखंड पठारी चंदवा लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन की संचालन समिति के सदस्यों ने सेरेंगदाग माइंस का दौरा कर नई खनन गतिविधियों की शुरुआत के बीच जालिम माइंस से जुड़े ट्रकों के समायोजन की मांग उठाई। एसोसिएशन का आरोप है कि जालिम माइंस के बंद होने से सैकड़ों ट्रक मालिक बेरोजगार हो गए थे और इसको लेकर पूर्व में कई बार हिंडालको कंपनी के वरीय पदाधिकारियों से ज्ञापन सौंपा गया तथा वार्ता की गई। इन बैठकों में समायोजन का आश्वासन दिया गया, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के जालिम माइंस के ट्रकों को समायोजित किए बिना ही सेरेंगदाग माइंस को चालू कर दिया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने माइंस मैनेजर से जालिम माइंस में चलने वाले ट्रकों को सेरेंगदाग माइंस में लोडिंग व संचालन देने की मांग की। इस पर माइंस मैनेजर ने स्पष्ट किया कि उन्हें प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई लिखित अथवा आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए वे समायोजन या लोडिंग देने की स्थिति में नहीं हैं। कांटो जाम व वार्ता के दौरान धर्मेंद्र कुमार, विजय जायसवाल, विनोद सिंह, इरशाद अहमद, काजू कुरैशी, संजू सिंह, खुर्शीद आलम, आसिफ खान, संतोष साहू, मंटू कुमार, गोल्डन कुरैशी, फिरोज अंसारी, दाऊद आलम, साजिद खान, मिराज कुरैशी, मोहम्मद आजाद, शमीम खान, इम्तियाज राय, वाजिद खान, जफर खान, तजमुल खान सहित सैकड़ों ट्रक मालिक व संचालन समिति के सदस्य मौजूद थे।
कांटा घर जाम, प्रशासन को दे दी गई थी पूर्व सूचना
माइंस प्रबंधन के इस जवाब के बाद आक्रोशित ट्रक ऑनर एसोसिएशन के सदस्यों ने सेरेंगदाग माइंस के कांटा घर (वजन कांटे) को कई घंटों तक जाम कर दिया। जाम की सूचना पहले ही लिखित रूप से पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को दे दी गई थी। इसकी प्रतिलिपि सेरेंगदाग थाना को भी भेजी गई थी, जिससे प्रशासन स्थिति से पूर्व से अवगत रहा। कांटा जाम के दौरान माइंस मैनेजर, पुलिस प्रशासन और ट्रक ऑनर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। बातचीत में माइंस मैनेजर ने दो दिन का समय मांगा और भरोसा दिलाया कि वे उच्च प्रबंधन से बात कर जालिम माइंस के ट्रकों के संचालन और समायोजन का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कंपनी द्वारा भेजी गई सूची के अनुसार ट्रकों की एम परिवहन में जांच के बाद ही लोडिंग दी जा सकेगी।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम
माइंस मैनेजर और प्रशासन के लिखित एवं मौखिक आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने कांटा जाम समाप्त कर दिया। माइंस मैनेजर ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने वरीय पदाधिकारियों को दी। बाद में कंपनी की ओर से संदेश प्राप्त हुआ कि ट्रक ऑनर एसोसिएशन को मैनेजमेंट के हेड ऑफिस बुलाकर जालिम माइंस से जुड़े ट्रकों के समायोजन पर विस्तृत बातचीत की जाएगी और समाधान निकाला जाएगा।
सांसद को कराया गया अवगत
संचालन समिति के सदस्यों ने लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत को भी ट्रक मालिकों की समस्याओं और कंपनी पर कथित गलत नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले से अवगत कराया तथा शीघ्र समाधान की मांग की




