रांचीः रांची के तमाड़ में बड़ा हादसा हुआ है । बस की छत पर सवार तीन बारातियों की मौत हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हो गई है । तमाड़ के चोगा गुट्टू में यह हादसा हुआ है । कई बाराती इस हादसे में झुलस गए हैं और घायलों को रिम्स भेज दिया गया है ।
करंट की चपेट में आई बस
जानकारी के मुताबिक सरायकेला के कुचई के बारूहातु गांव से बाराती बस तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू आ रही थी।गांव में दाखिल करने से पहले ही बस बिजली के तार के संपर्क में आ गई। बस की छत पर बैठे 3 लोगों की वहीं पर मौत हो गई।5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
करंट से मच गई चीख पुकार
करंट लगने के बाद बस पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गयी। और फौरन ल बस को रोककर उस पर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा गया। घायल हुए 5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को रिम्स रेफर कर दिया गया।
तीन लोगों की मौत
मृतकों की पहचान दिनेश सिंह मुंडा (36), मुंडा मुंडा (25) और जितेन सिंह मुंडा (12) के रूप में हुई है।घायलों के नाम लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा हैं।बारातियों ने बताया कि इस दुर्घटना की खबर लड़की वालों को हुई, तो वे भी गमगीन हो गए।
मातम के साथ बजी शहनाई
दोनों पक्षों ने आपसी राय मशविरा के बाद शादी नहीं रोकने का फैसला किया । इसके बाद किसी तरह से शादी संपन्न कराया गया।लोगों ने बताया कि जिस बस में बाराती आई थी, उस पर 80 से 90 लोग सवार थे। बस अंदर से फुल थी और छत पर बड़ी संख्या में लोग सवार थे।





