गुमलाः पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान परेड में सलामी भी दी गई। इसके साथ ही एसपी ने समादेष्टा कार्यालय और पुलिस लाइन में भी तिरंगा फहराया।जिले के एसपी हारिस बिन जमां ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए वीर सपूतों को नमन किया।
दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन का दशकर्म, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कराया बाल और दाढ़ी का मुंडन
गुमला एसपी और डीसी मंत्री चमरा लिंडा के साथ समाहरणालय में हुए ध्वाजारोहरण में भी शामिल हुए। मंत्री ने परेड की सलामी ली और तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय गर्व का प्रदर्शन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए संविधान और लोकतंत्र की नींव रखने में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने गुमला के वीर सपूत लांस नायक परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का, जतरा टाना भगत, तेलंगा खड़िया, बख्तर साय आदि की शौर्य गाथाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर शिक्षा, खेल और तकनीकी क्षेत्रों में अग्रणी बनना चाहिए।
शिक्षा, खेल और उच्च उपलब्धियों पर जोर
मुख्य अतिथि ने जिले के बच्चों को IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 300 बच्चों को IIT भेजने का लक्ष्य रखा गया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छात्रों को आगे बढ़ाने हेतु इंग्लैंड भेजने का प्रयास जारी है। उन्होंने खेलों में विशेषकर बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया और जिले की खिलाड़ियों की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।
विकास योजनाओं की झलक
समारोह में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। वनाधिकार के तहत 81 दावों को स्वीकृति देते हुए 17,497 एकड़ से अधिक भूमि का चनपटा दिया गया। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM JANMAN) के तहत PVTG बहुल 13 ग्रामों में बहुउद्देश्यीय केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं।
सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजन को पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पोषण अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों में कुपोषित बच्चों को रागी लड्डू का वितरण किया जा रहा है। दिव्यांगजन कल्याण में 39 लोगों को बैटरी चालित रिक्शा और 270 लोगों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए हैं।
शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति
जिले के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पोशाक, विद्यालय किट और पाठ्यपुस्तकें वितरित की गई हैं। मैट्रिक परीक्षा में 87.74% और इंटर के कला, वाणिज्य एवं विज्ञान वर्ग में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हुए हैं। 160 विद्यालयों में ICT लैब, 224 में स्मार्ट क्लास और 816 विद्यालयों में टैब का वितरण किया गया है।
कौशल विकास और रोजगार के अवसर
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 रोजगार मेला और 3 भर्ती कैम्प के माध्यम से 1,225 लोगों को रोजगार मिला है। 24 स्थानों पर कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। लघु कुटीर उद्यम विकास योजना के तहत 1,200 कारीगरों को प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दी जा रही है।
खेल जगत में गुमला की चमक
गुमला की 5 महिला फुटबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में जिले के 9 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड और गुमला का नाम रोशन किया। हॉकी इंडिया सब-जूनियर चैम्पियनशिप और एशियाई पारा थ्रो बॉल चैम्पियनशिप में भी खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।
कृषि, मत्स्य और पशुपालन में आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत 822 हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाई जा रही है। एग्री स्मार्ट ग्राम योजना के तहत चयनित गाँवों में 100% किसानों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। मत्स्य उत्पादन में जिले को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं, वहीं पशुधन विकास योजना में 902 पशुधन का वितरण किया गया है।
खाद्य, आपूर्ति और अधोसंरचना विकास
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से 1,68,937 परिवार लाभान्वित हैं। PVTG डाकिया योजना के तहत 3,613 परिवारों को घर-घर खाद्यान्न पहुँचाया जा रहा है। जिले में राष्ट्रीय और राज्य स्तर की 15 महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाएँ प्रगति पर हैं, जिनमें NH-23, NH-143D और भारतमाला परियोजना शामिल हैं।
सम्मान और पुरस्कार वितरण
समारोह में 113 झारखंड/वनांचल आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों, 12 पुलिस कर्मियों और 5 उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित किया गया। परेड टुकड़ियों, बैण्ड पार्टी, राष्ट्रीयगान दल, कृषि विभाग के घुड़सवारी दल और परेड कमांडेंट अभिमन्यु को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
















