रांचीःझारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर CID का एक्शन जारी है। इस मामले में अभी तक 11 गिरफ्तार हो चुकी है। वही 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा से जुड़े मामले में झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते सीआईडी के राडार पर है। पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते तीसरे दिन भी सीआईडी टीम ने दिनभर पूछताछ की। लंबी पूछताछ के बाद शुक्रवार देर शाम एल ख्यांग्ते सीआईडी कार्यालय से वापस घर लौट गए।उन्हें सोमवार को पूछताछ के लिए फिर से बुलाया गया है।
शुक्रवार को तीसरी बार CID कार्यालय पहुंचे थे ख्यांग्ते
दरअसल सीआईडी ने शुक्रवार को जेपीएससी अनियमितता केस में संदिग्ध पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते से तीसरी बार पूछताछ की है। शुक्रवार को ख्यांग्ते दिन के 11 बजे सीआईडी कार्यालय पहुंचे। इस दरम्यान लगभग 8 घंटे उनसे पूछताछ की गई। वहीं पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की रिमांड अवधि भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में शुक्रवार को भी सीआईडी ने श्वेता गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, सीजीएल के सफल अभ्यर्थी एवं केस के मास्टरमाइंड अभय तिवारी, टीडीपीएल कर्मी मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद एबाद के साथ-साथ प्रदीप कुमार सिंह, हेमंत वर्मा, संजय कुमार से भी पूछताछ की गई।जानकारी के मुताबिक, सीआईडी ने जांच में एल ख्यांग्ते के सीधी संलिप्तता के सबूत पाए गए हैं।सीआईडी सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के साथ पूछताछ और आमने-सामने बैठाकर किए गए सत्यापन में कई तथ्य उजागर हुए।
हर पहलू की जांच जारी
बता दें कि इस पूरे मामले में इन्वेस्टिगेशन के दायरे में परीक्षा संचालन एजेंसी TDPL कार्यालय भी है, जहां से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज और दूसरे रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। वही जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, OMR शीट और डिजिटल साक्ष्य भी सीआईडी ने अपने कब्जे में लिए हैं।
अब तक 11 गिरफ्तार
इस पूरे मामले में सीआईडी अब तक उप परीक्षा नियंत्रक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से 5 आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी का कहना है कि जुटाए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






