प्रिंस खान के नाम पर रांची के कारोबारी से मांगी गई 5 करोड़ की रंगदारी, परिवार को जान से मारने की दी धमकी

Picture of Live Dainik

Live Dainik

June 26, 2026

प्रिंस खान के नाम पर रांची के कारोबारी से मांगी गई 5 करोड़ की रंगदारी, परिवार को जान से मारने की दी धमकी

रांचीः गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक और कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कारोबारी उमा शंकर सिंह ने जगन्नाथपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और अपने परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।कारोबारी ने अपने आवेदन में बताया है कि रात 12 बजे उनके मोबाइल नंबर पर दुबई के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरा मैसेज और आडियो प्राप्त हुआ। संदेश में खुद को प्रिंस खान बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
कारोबारी का कहना है कि अपराधियों ने उनके वाहन, व्यवसाय स्थल, मंदिर आने-जाने और दैनिक गतिविधियों तक की जानकारी संदेश में लिखी है, जिससे स्पष्ट है कि उनकी लगातार रेकी की जा रही है। व्यवसायी ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इससे पहले वर्ष 2025 में राहुल सिंह गैंग द्वारा भी उनसे रंगदारी मांगी गई थी।
रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके संबंध में 19 अक्टूबर 2025 को प्राथमिकी संख्या 414/25 दर्ज कराई गई थी। आवेदन में उन्होंने कहा है कि वह वैध रूप से व्यवसाय करते हैं और सभी सरकारी नियमों का पालन करते हुए नियमित रूप से कर का भुगतान करते हैं।
लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार भय और दहशत में है तथा घर से बाहर निकलने में भी कठिनाई हो रही है। व्यवसायी ने पुलिस से मांग की है कि मामले में अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।साथ ही उनके बारे में गोपनीय सूचनाएं, मोबाइल नंबर और दैनिक शेड्यूल अपराधियों तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
शहर में कारोबारियों से लगातार मांगी जा रही है रंगदारी
-4 जून को लालपुर स्थित पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। मामले में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
-5 जून की रात प्रतिष्ठित बिल्डर उदय शंकर को भी इसी दुबई नंबर 971545920432 से काल कर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई। व्हाट्सएप संदेश में परिवार की रेकी किए जाने का दावा करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
-2 जून को फिरायालाल चौक स्थित जलजोगा रेस्टोरेंट के संचालक मिहिर घोष से 50 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी मांगी गई। संदेश में उनकी पूरी फैमिली की रेकी होने का दावा करते हुए टिटोस जैसी घटना की चेतावनी दी गई। इस मामले में लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
-मार्च में अल्बर्ट एक्का चौक के पास स्थित जय हिंद फार्मा के संचालक संजय राजगढ़िया से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। इस संबंध में कोतवाली थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
-लालपुर निवासी व्यवसायी कृष्ण गोपलका से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला भी सामने आया। इसी अवधि में रांची के एक अन्य बड़े जमीन कारोबारी को भी दुबई से काल कर 10 करोड़ रुपये की मांग की गई थी।
-मार्च में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने प्रिंस खान के शूटरों कुबेर, विक्की डोम और अमन को गिरफ्तार किया गया था। टिटोस रेस्टोरेंट के कारोबारी ने रंगदारी नहीं दी थी तो रेस्टोरेंट के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस से बचने के लिए खुद जारी नहीं करता है वीडियो
पुलिस के अनुसार प्रिंस खान का नेटवर्क विदेश से संचालित हो रहा है। धमकी भरे वीडियो, आडियो और व्हाट्सएप संदेश दुबई सहित विदेशी नंबरों से भेजे जाते हैं, जबकि रांची और धनबाद में सक्रिय स्थानीय सदस्य कारोबारियों की रेकी और सूचनाएं जुटाने का काम करते हैं।
प्रिंस खान अपना वीडियो कभी खुद से जारी नहीं करता है ताकि उसका लोकेशन पुलिस को मिल जाए। वीडियो बनाने के बाद वह अपने गिरोह के सदस्यों को वीडियो भेजता है फिर वीडियो जारी किया जाता है।

See also  लोहरदगा के फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now