रांचीः बड़गाई अंचल के सहायक प्रशासी पदाधिकारी (ASO) कुमार हिमांशु से 20 लाख रुपया रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कुमार हिमांशु ने सदर थाना में केस दर्ज करायी है। पुलिस ने जिस नंबर से कॉल आया था उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, हिमांशु 23 अगस्त को कार्यालय से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर 1.42 मिनट बजे 8967652575 नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आया। फोन करने वाले ने पहले उनकी पहचान और पद के बारे में जानकारी ली। इसके बाद 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। हिमांशु के अनुसार, बुधवार को इसी नंबर से दोबारा दोपहर 1.54 बजे और फिर 2.32 बजे कॉल आया। इस दौरान आरोपी ने धमकी देते हुए कहा, आपको मारने के लिए शूटर निकल चुका है, अब कोई उपाय नहीं है। हिमांशु ने पुलिस को कॉल रिकार्डिंग और कॉल डिटेल भी उपलब्ध कराई है। सदर थानेदार कुलदीप कुमार ने बताया कि अज्ञात नंबर से धमकी देने की शिकायत मिली है। जिस नंबर से कॉल आया, उसे तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
7.48 मिनट का ऑडियो वायरल
अज्ञात व्यक्ति और एएसओ कुमार हिमांशु के बीच हुई बातचीत का करीब 7.48 सेकेंड का ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो में एक व्यक्ति एएसओ से कहा रहा है कि आपके बारे में किसी सॉलिड व्यक्ति ने जानकारी दी है। अभी छह-सात दिन सावधानी बरतिए, आपके पीछे लड़का चला गया है। आपने 20 लाख रुपए नहीं दिया, इसलिए ऐसा किया जा रहा है। राहुल दुबे ग्रुप ने कहा कि आपसे बातचीत नहीं की जाए, क्योंकि आपको मारने का टारगेट है।







