पटनाः बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों को लेकर सियासी गहमागहमी है। राज्यसभा की पांच सीटों के लिए वोटिंग सुबह 9 बजे शुरू हो गई जो शाम चार बजे तक चलेगी। वहीं, पांच बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके 1 घंटे बाद रिजल्ट आने की संभावना है। बिहार राज्यसभा चुनाव (Rajyasabha Chunav Bihar LIVE) में एक कैंडिडेट को जीतने के लिए 41 वोटों की आवश्यकता है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के रामनाथ ठाकुर, भाजपा के नितिन नवीन, शिवेश कुमार के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा को भी मैदान में हैं। बिहार में विपक्षी महागठबंधन की ओर से आरजेडी के मौजूदा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। चार सीटों पर एनडीए के कैंडिडेट्स की जीत लगभग तय मानी जा रही है।जबकि 5वीं सीट को लेकर अब तक मामला फंसा हुआ है। रविवार को एनडीए और महागठबंधन दोनों के नेताओं ने करीब रात के 11 बजे तक जीत की रणनीति बनाई। ऐसे में अब आज वोटिंग के बाद फैसले का इंतजार है।
#WATCH | राज्यसभा चुनाव | पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव का नामांकन दाखिल करने पर कहा, "हमने तो नीतीश कुमार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई है। जिस दिन वे INDIA गठबंधन को छोड़कर भाजपा के साथ गए थे,… pic.twitter.com/O9KyaeLp2X
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
LPG सिलेंडर लोड ट्रक ने तीन बाइक सवार को रौंदा,बिहार के बेतिया में हुए दर्दनाक हादसे में एक की मौत
होटल में मीटिंग के बाद तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
रविवार को पटना के एक होटल में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन-AIMIM और बसपा के साथ बैठक की। यह बैठक लगभग 3 घंटे तक चली। रात के 11 बजे तेजस्वी यादव अपने आवास के लिए निकले। लेकिन, उन्होंने केरल में चुनाव लड़ने की बात कही। तेजस्वी यादव ने कहा, केरल में हमलोग तीन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बंगाल में हम चुनाव नहीं लड़ेंगे।इस दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर होटल में बनी रणनीति को लेकर कुछ नहीं कहा।
तेजस्वी यादव ने AIMIM से मांगा समर्थन
बताया जा रहा है कि मामला 5वीं सीट को लेकर ही फंसा हुआ है। AIMIM की तरफ से रविवार को इफ्तार का आयोजन किया गया था, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहुंचे थे। तेजस्वी यादव के साथ अख्तरूल ईमान और आईपी गुप्ता बैठे थे। इफ्तार पार्टी को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा था, हमने AIMIM से समर्थन मांगा है। हमें उम्मीद है कि समाजवादी लोगों का साथ वह देंगे।
सियासत में AIMIM की चर्चा तेज
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा AIMIM के विधायकों के रुख को लेकर हो रही है। महागठबंधन को उम्मीद है कि AIMIM के विधायक भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। पार्टी के नेताओं ने भी संकेत दिया है कि उनका झुकाव विपक्ष की ओर हो सकता है। लेकिन सत्ता पक्ष को भरोसा है कि उसके गठबंधन में पूरी एकजुटता बनी हुई है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त समर्थन भी मिल सकता है।
अखिलेश सिंह ने क्या कहा?
महागठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह ने कहा, हमारा कोई विधायक ट्रेसलेस नहीं है। चारों के चारों विधायक हमारे घर पर बैठे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि NDA के 20 विधायक गायब हैं। एनडीए के सभी लोगों का हलक सूखा हुआ है। महागठबंधन के उम्मीदवार की जीत उतना ही निश्चित है, जितना मृत्यु निश्चित है।
NDA ने भी रात 11 बजे तक की बैठक
दूसरी तरफ एनडीए ने भी देर रात तक बैठक की। रविवार रात करीब 11 बजे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा प्रत्याशी नितिन नवीन के आवास पर हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और पार्टी के ऑब्जर्वर विजय शर्मा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। बैठक में विधायकों को एकजुट रखने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।








