लोहरदगा में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में DC का सख्त निर्देश,भारी वाहनों से दुर्घटना पर ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द, वाहन भी होंगे जब्त

Picture of Live Dainik

Live Dainik

August 8, 2026

लोहरदगा:उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सड़क सुरक्षा के मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

WhatsApp Image 2026 08 08 at 5.34.39 PM
भारी वाहन से दुर्घटना में मृत्यु पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भारी वाहन के कारण सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में नियमानुसार चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रद्द किया जाए तथा संबंधित वाहन को भी जब्त किया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को जिले में नियमित रूप से हेलमेट चेकिंग, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।पुलिस विभाग को भी नियमित वाहन जांच एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

See also  SAC का शीर्ष कमांडर अजय महतो उर्फ मोछू गिरफ्तार, गिरिडीह SP ने कहा-अब मुख्यधारा में लौटे बाकी नक्सली

WhatsApp Image 2026 08 08 at 5.34.38 PM
हिण्डाल्को को दिए गए निर्देश
बैठक में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को खनन क्षेत्र में संचालित ट्रकों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगाने, बॉक्साइट का परिवहन अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंककर करने तथा सभी ट्रकों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का निर्देश दिया।उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी ट्रक चालकों के पास भारी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध हो।हिण्डाल्को के ट्रकों के आवागमन के कारण जिन सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत या जानकारी प्राप्त हुई है, उनकी जांच अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों के आसपास रंबल स्ट्रिप लगाने पर जोर
उपायुक्त ने जिले में सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्यालयों के आसपास विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों के सामने रंबल स्ट्रिप की आवश्यकता है, वैसे विद्यालयों को चिन्हित किया जाए।उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित पदाधिकारियों को सभी छूटे हुए आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाए जाने का निर्देश दिया। बैठक में रोड सेफ्टी मैनेजर द्वारा जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट की जानकारी भी दी गई।

See also  गोड्डा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, शादी समारोह में गई लड़की से 10 युवकों ने किया गैंगरेप

WhatsApp Image 2026 08 08 at
हिट एंड रन मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
बैठक में हिट एंड रन के तहत प्राप्त मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा एनएचआई के अंतर्गत कुडू-चंदवा पथ में सड़क किनारे झुकी हुई डालियों को आवश्यकतानुसार काटकर हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा एवं दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।
अपर बाजार एवं ईस्ट गोला रोड में पार्किंग व्यवस्था होगी व्यवस्थित
उपायुक्त ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नगर क्षेत्र के अपर बाजार एवं ईस्ट गोला रोड क्षेत्र में नो-पार्किंग एवं पार्किंग का स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु करना एवं अनियंत्रित पार्किंग से होने वाली समस्याओं को कम करना है।

WhatsApp Image 2026 08 08 at 5.34.38 PM 2
अवैध शराब के विरुद्ध नियमित कार्रवाई का निर्देश
उत्पाद अधीक्षक को जिले में अवैध रूप से देशी शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण समेत अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी रूप से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन, जागरूकता, यातायात प्रबंधन एवं सड़क संरचना में सुधार—इन सभी पहलुओं पर समन्वित रूप से कार्य करना आवश्यक है।बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, समिति के सदस्यगण, हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि एवं सड़क सुरक्षा की टीम उपस्थित थी।

See also  हेमंत सोरेन और कल्पना की पूजा करते तस्वीर पर धर्म विशेष को लेकर की टिप्पणी, आदिवासी समाज के अपमान को लेकर कार्रवाई की मांग
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now