चतरा : जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित जबड़ा नो इंट्री चेकनाका के समीप मंगलवार की देर रात मोटरसाइकिल सवार को कोल वाहन ने रौंद डाला। जिससे मोटर साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कोल वाहन लेकर फरार हो गया। आनन फानन में इस घटना की सूचना सिमरिया पुलिस को दिया गया। सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि जबड़ा पंचायत अंतर्गत संदली गांव निवासी स्वर्गीय सोहर बाखला का पुत्र प्रदीप बाखला मजदूरी का काम कर अपने घर वापस लौट रहा था। तभी नो इंट्री चेकनका के समीप एक कोल वाहन के चपेट में वह आ गया। जहां उसकी मौत मौके पर ही हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन, कोल ट्रांसपोर्टिंग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार इस प्रकार हो रहे सड़क दुर्घटना के बावजूद चुप रहने और मृतक के परिजनों को क्षतिपूर्ति देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कोल कंपनियों और ट्रांसपोर्टर द्वारा इस सड़क मार्ग से काफी संख्या में कोल परिवहन किया जा रहा है परंतु उनके द्वारा नागरिक सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय प्रशासन भी इस और आज तक कोई ध्यान नहीं दिया। नो एंट्री खोलते ही कोल वाहनों की अचानक सड़कों पर बाढ़ आ जाती है। जिससे आए दिन स्थानीय लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीण इस क्षेत्र के सांसद , विधायक, पंचायत के जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय प्रशासन से कोल वाहनों के परिचालन के दौरान सड़कों में सुरक्षाकर्मी प्रतिनियुक्त करने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोल वाहनों को निर्देशित करने वाले गार्ड की नियुक्ति सड़कों पर तुरंत की जानी चाहिए ताकि चालक वाहन को मनमाने तरीके से सड़कों पर ना दौड़ा सके और उन्हें नियंत्रित कर परिचालन किया जाए। अन्यथा सड़क से पूर्णतः कोल ट्रांसपोर्टिंग को बंद करवाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन अतिक्रमण को लेकर के लगातार अभियान चला रही है। परंतु कोल वाहनों के द्वारा आधे सड़क को दिनभर अतिक्रमण कर रखा जाता है। जिसे देखने वाला कोई नहीं है। आधी सड़क से ही राहगीर और सभी वाहन गुजरती है जिसमें रास्ता काफी संकुचित हो जाता है और कई दुर्घटना हो रही है। ग्रामीणों ने जबड़ा नो एंट्री जोन को पेट्रोल पंप के आगे कर सुरक्षित जगह जहां पर स्थापित करने का मांग किया है जहां सड़क का अतिक्रमण न हो। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे है। ग्रामीणों के समक्ष इस समस्या के निदान को लेकर कोई भी अधिकारी अभी तक घटना स्थल पर नहीं पहुंचे है।


