पटना:बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हो गया। कांग्रेस दफ्तर के घेराव के लिए पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस समर्थकों के आमने-सामने आने के बाद दोनों पक्षों में पहले तीखी नारेबाजी हुई, फिर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के शुरुआती दौर में पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और माहौल को शांत कराया।घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
पटना में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए, खूब मारपीट हुई है, कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। दरअसल, कल PM ऑफिस के बाहर धरने के विरोध में आज BJP वाले प्रोटेस्ट करते हुए कांग्रेस दफ्तर के बाहर पहुंचे थे।#JantarMantar #Protest #patna #StudentProtest #CJPProtest #DharmendraPradhan pic.twitter.com/meeaXSFJn4
— Live Dainik (@Live_Dainik) July 22, 2026
नुकसान और अफरा-तफरी
अचानक हुए पथराव और लाठीचार्ज में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना के बाद सदाकत आश्रम के बाहर सड़क पर लाठी-डंडे और पत्थर बिखरे दिखे, वहीं वहां खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। घटना के काफी देर बाद तक दोनों दलों के समर्थक मौके पर डटे रहे और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

पुलिस की कार्रवाई
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों गुटों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया। एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर-2) कोमल मीणा ने बताया कि दोनों दलों के आमने-सामने आने से कुछ समय के लिए कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

जांच और आरोप-प्रत्यारोप
पुलिस प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि प्रदर्शन के लिए नियमानुसार अनुमति ली गई थी या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं, इस घटना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं; भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस थे और उन्होंने ही झड़प की शुरुआत की थी।


