साहिबगंज: जिले में रविवार देर रात करीब दो बजे पूर्वी फाटक इलाके में कैटरिंग संचालक मुन्ना साह (45 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उनके घर से करीब आधा किमी की दूरी पर हुई। पुलिस ने हत्या के आरोप में पवन कुमार और रूपक कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है। दोनों झारखंड पुलिस के जवान हैं।
मुन्ना पूजा-पाठ के बाद घर से बाहर निकले थे। तभी आरोपितों ने उनके सिर में सामने से एक गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग वहां पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें जिला सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाद में भागलपुर के मायागंज में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मौत की खबर मिलने पर परिवार में शोक छा गया।
कैटरिंग और हलवाई का काम करते थे मुन्ना
मुन्ना की पत्नी, मां, पिता, भाई और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुन्ना कैटरिंग और हलवाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे हैं। इनमें से एक कोलकाता में पढ़ता है, जबकि तीन साहिबगंज में रहते हैं।
दोनों पुलिस जवान को भेजा गया जेल
एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आपसी रंजिश में मुन्ना को गोली मारकर घायल किया गया था। उनके बेटे अंशु कुमार शाह के आवेदन पर मामला दर्ज कर छापेमारी की गई और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्तौल, 34 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ के बाद दोनों पुलिस जवानों को जेल भेज दिया गया है। सीनियर पदाधिकारी के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मुन्ना और पवन दोनों पड़ोसी थे। करीब एक महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। बताया गया कि रविवार देर रात पवन और रूपक बाइक से पोखरिया काली स्थान रोड से जा रहे थे। वहां मुन्ना बैठे थे।पवन बाइक से उतरकर उनसे विवाद करने लगा और पिस्तौल से गोली चला दी।
रूपक ने बीच-बचाव की कोशिश की। गोली उसके हाथ को छूते हुए मुन्ना के सिर में लगी। पुलिस जवान पवन बोकारो जिले के एक पुलिस अधिकारी और रूपक देवघर के एक विधायक के अंगरक्षक के तौर पर तैनात हैं। दोनों दीपावली पर साहिबगंज स्थित अपने घर आए थे।





