चतराः बड़गांव के बाद अब टंडवा थाना क्षेत्र के सिद्पा गांव में एक आदिवासी महिला से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना में शामिल आरोपी युवक को ग्रामीणों ने कथित तौर पर रंगेहाथ पकड़ लिया और उसे उसी घर में बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान कुछ युवक उस घर पर चढ़ गये, जहां आरोपी युवक को बंद किया गया था। उन्हें हटाने के दौरान पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों की ओर से पत्थरबाजी की गयी, जिसमें थाना प्रभारी पप्पू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये।


घायल थाना प्रभारी को एंबुलेंस से एनटीपीसी संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनके सिर में चार टांके लगाये गये। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आयी हैं। घटना के बाद सिद्पा गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है, जिले के वरीय अधिकारी भी गांव में कैंप कर रहे हैं। आरोपी युवक की पहचान 35 वर्षीय मो. शाहबाज अंसारी के रूप में की गई है जो कामता गांव का निवासी और वो पांच बच्चों का पिता है।
प्रेम-प्रसंग की चर्चा और पुलिस की जांच
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं फैल गई हैं। गांव के कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस इन तमाम पहलुओं और अफवाहों को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े हर एक तथ्य की कड़ाई से पड़ताल की जा रही है।
प्रशासन की अपील
जिला पुलिस-प्रशासन की ओर से लगातार आम जनता और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करें। कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।




