डेस्कः बिहार के रोहतास में एक बड़ा हादसा टल गया। रोहतास थाना क्षेत्र के घोरघट गेट के समीप एनएच-19 पर गुरुवार की रात रांची से दिल्ली जा रही यात्री बस में अचानक आग लग गई। जिससे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देख यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तत्काल सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जाता है कि विजय रथ नामक सवारी बस रांची से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान घोरघट गेट के समीप बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगी।यात्रियों के शोर मचाने पर चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस रोक दी। इस दौरान बस में सवार यात्रियों और उनके सामान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग से बस को मामूली नुकसान हुआ। हालांकि, चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।







