रांची: झारखंड निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। विधानसभा परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे नेता थे, जिनका सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश की शक्ति और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए और अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया।


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के निर्माण का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के गठन की राह में कई चुनौतियां थीं, लेकिन अटल जी ने सभी बाधाओं को दूर करते हुए झारखंड के गठन का मार्ग प्रशस्त किया। झारखंड की जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी।


भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी दूरदर्शी और असाधारण व्यक्तित्व के धनी राजनेता थे। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज और देश का मार्गदर्शन करते हैं।
इस दौरान महापौर रोशनी खलको, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डु, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार साहू, ललित ओझा, जितेंद्र वर्मा और बलराम सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे। नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।






