रांचीः बीजेपी अनुसूचति जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राम के भांजे रोहित मिर्धा की रातू के लहना गांव में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उस पर बुधवार को पहले रातू थाने में महिला से दुष्कर्म का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया। फिर महिला के परिजनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी जबदस्त पिटाई कर दी।
पिता उदित मिर्धा ने बताया कि मनोज नाम के एक व्यक्ति ने फोन कर उनके बेटे की पिटाई की सूचना दी। वे अपनी पत्नी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां रोहित जमीन पर पड़ा था। गंभीर रूप से घायल था। इसी बीच इंद्रजीत साव और कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। परिजनों ने बीच-बचाप कर उन्हें छुड़ाया और रोहित को लेकर सीएचसी रातू पहुंचे। वहां इलाज के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में इंद्रजीत साव व उसके बेटे संतोष साव के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। करीब 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। रातू थानेदार आदिकांत महतो ने बताया कि इंद्रजीत साव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय अजय आर्यन रातू थाने पहुंचे। फिर सीएचसी में परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
तीन नामजद सहित 33 लोगों पर एफआईआर
रातू थानेदार अदिकांत महतो ने बताया कि रोहित के पिता उदित मिर्धा की शिकायत पर रातू थाने में इंद्रजीत साव, उनके बेटे संतोष साव और विकास साहू के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गौरतलब है कि मारपीट की घटना के बाद सभी आरोपी थाना पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही युवक की मौत की सूचना मिली, सभी फरार हो गए।
कमलेश राम बोले- जमीन विवाद में हुई हत्या
इस घटना के बाद कमलेश राम थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में डेढ़ एकड़ जमीन को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था। छह माह पहले उदित मिर्धा ने इंद्रजीत साव और अन्य के खिलाफ एससी-एसटी थाने में केस दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि यह सुनियोजित हत्या है। छेड़खानी का आरोप गलत है। जमीन विवाद को लेकर उसकी हत्या की गई है। वे एसएसपी से मिलकर मामले की जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।


