DESK: धनबाद में भाजपा कार्यालय के बाहर मनुस्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने के युवा कांग्रेस के प्रयास को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विफल कर दिया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला लेकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यालय के बाहर जुट गए।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद जमकर हंगामा हुआ और पुतले को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

धनबाद में युवा कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े
भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता में पुतला छीनने को लेकर हुई झड़प pic.twitter.com/tMYsv07UpX
— Live Dainik (@Live_Dainik) August 31, 2026
पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इसके बावजूद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन की कोशिश करते रहे, जिससे भाजपा कार्यालय के बाहर कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ किए गए व्यवहार की निंदा की। आरोप लगाया कि खड़गे के कार्यक्रम के बाद स्थल का शुद्धिकरण किया जाना दलित, पिछड़े और वंचित समाज के प्रति भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है।
कुमार गौरव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र में किसी व्यक्ति के साथ उसकी जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय का घेराव लोकतांत्रिक अधिकारों और सम्मान की रक्षा की आवाज है।प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महासचिव खुर्शीद अंसारी, प्रदेश सचिव राजीव रंजन, धनबाद जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद, जिला उपाध्यक्ष तबरेज आलम और जिला महासचिव मजहर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच स्थिति काफी देर तक गरमाई रही






