बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव बुधवार को बाल-बाल बच गए। पटना के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर उनके काफिले में एक गाड़ी ने टक्कर मारने की कोशिश की। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी कार्यक्रम कर लौट रहे थे। तभी यह वाकया हुआ। इस दौरान उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि तेजस्वी के काफिले में बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव जब बुधवार शाम को अपने आवास पर लौट रहे थे। तभी मरीन ड्राइव के पास जेपी गंगा पथ पर एक तेज रफ्तार कार उनके काफिले के पास आई। कार ड्राइवर ने तेजस्वी के काफिले में अपनी गाड़ी घुसाने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोककर पकड़ लिया। गनीमत रही कि काफिले की किसी गाड़ी को टक्कर नहीं लगी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लोहरदगा में हत्यारे को हुई उम्र कैद की सजा,पीडीजे राजकमल मिश्रा की अदालत ने सुनाया फैसला
राजधानी पटना के अंदर नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा में चूक होने से हड़कंप मच गया। पटना की सुल्तानगंज थाना पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। इसके पीछे आरोपी का क्या मकसद था, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद तेजस्वी अपनी कार में सवार होकर सुरक्षित आवास पर पहुंच गए।
लगभग एक महीने पहले भी वैशाली जिले के गौरोल में तेजस्वी यादव के काफिले में एक तेज रफ्तार ट्रक घुस गया था। उस वक्त तीन सुरक्षाकर्मी बुरी तरह घायल हुए थे। तेजस्वी मधेपुरा से कार्यक्रम कर पटना लौट रहे थे, तभी आधी रात में यह हादसा एनएच 22 पर हुआ था। हादसे के वक्त तेजस्वी काफिले से महज 5 फीट की दूरी पर मौजूद थे, इसमें वे बाल-बाल बचे थे।


