बिहार में एक युवक के साथ बंद कमरे में हैवानियत की गई है। मामला मुजफ्फरपुर जिले का है। यहां सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही में साबुन-वाशिंग पाउडर बनाने वाली एक कंपनी के कर्मी शुभम कुमार को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान सिगरेट से उसके शरीर के कई जगहों पर दाग दिया गया। घटना पांच सितंबर की रात की है। अगले दिन शनिवार की सुबह पिता की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे आरोपित के चंगुल से छुड़ाया। साथ ही पुलिस ने एक आरोपित सत्यजीत प्रकाश उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया।
पीड़ित वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह फिलहाल श्रीकृपा कॉलोनी, गली नंबर 2 में किराए के मकान में रहता है। मामले में उसके पिता वैशाली के बेलसर निवासी विनोद सिंह ने सदर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पांच सितंबर की रात करीब 10.30 बजे आरोपित सत्यजीत ने उनके बेटे शुभम को फोन कर अपने ऑफिस बुलाया और पैसे की मांग की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन अपने घर ले गया। वहां अन्य आरोपित रवि सिंह, अजय पासवान, श्वेतांक और शरद उर्फ भीलू पहले से मौजूद थे।
बिहार में चलती बस बनी आग का गोला; बाल-बाल बचे यात्री, भागलपुर जा रही थी बस
सभी ने मिलकर शुभम की बेल्ट से पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पैंट उतारने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं होने पर उसके शरीर को जगह-जगह सिगरेट से दाग दिया। पूरी रात उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान शुभम कई बार बेहोश हुआ। उसे होश में लाकर फिर से पीटा गया। सुबह होने पर सत्यजीत ने फोन कर उनको बताया कि तुम्हारा बेटा मेरे पास है। पैसा दो और ले जाओ। इसके बाद परिजन सदर थाना पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित युवक को मुक्त करा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
..जब लालू यादव ने BJP के सहयोग से बिहार में बनाई सरकार, अर्श से फर्श पर आई कांग्रेस




