लोहरदगा : शहर के सबसे व्यस्त अपर बाजार में गुरुवार शाम एक ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब दुकान संचालक ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए हथियारबंद बदमाश से भिड़कर उसका देशी कट्टा छीन लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब पांच बजे दो युवक ग्राहक बनकर अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स पहुंचे। दोनों ने दुकानदार से सोने के आभूषण दिखाने को कहा। बातचीत के दौरान अचानक एक युवक का व्यवहार बदल गया और उसने दुकान संचालक संजय खत्री पर देशी कट्टा तान दिया।

बदमाश का इरादा लूटपाट करने का था, लेकिन संजय खत्री ने बिना घबराए उसका मुकाबला किया। हाथापाई के दौरान संजय खत्री ने बदमाश के हाथ से कट्टा छीन लिया। अपने साथी को संघर्ष में फंसता देख दूसरा आरोपी भी दुकान से बाहर निकल आया। इसके बाद दोनों आरोपी दुकान के बगल की गली से मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकानदार ने बदमाश से छीना गया देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Lohardaga शहर में दिनदहाड़े खत्री ज्वेलरी शॉप में रिवाल्वर तानकर लूट की कोशिश, दुकानदार ने दिखाई बहादुरी, अपराधियों से हथियार छीनकर लूट की कोशिश को किया नाकाम ग्राहक बनकर पहुंचे थे दो युवक, हाथापाई के बाद बाइक से फरार@policelohardaga@JharkhandPolice pic.twitter.com/v0RmGtFfh4
— Live Dainik (@Live_Dainik) July 30, 2026
दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग दुकान पर पहुंच गए। घटना को लेकर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वारदात में शामिल एक संदिग्ध युवक करीब एक सप्ताह पहले भी ग्राहक बनकर इसी दुकान पर आया था। उसने काफी देर तक आभूषण देखे, लेकिन बिना खरीदारी किए लौट गया था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि उस दौरान दुकान की रेकी की गई थी और उसी योजना के तहत गुरुवार को लूट का प्रयास किया गया। हालांकि दुकानदार की सूझबूझ और बहादुरी के कारण अपराधियों का मंसूबा विफल हो गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








