पटनाः राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार की सभी सांगठनिक कमेटियों को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया है। इसमें जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की सभी इकाइयां शामिल हैं। अब पुराने संगठन के आधार पर पार्टी का काम नहीं चलेगा।राजद बिहार की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से बातचीत के बाद लिया गया है। पार्टी ने पहले जारी किए गए संगठन से जुड़े सभी आदेशों को रद्द कर दिया है।

नए सिरे से तैयार होगा राजद का संगठन
राजद अब बिहार में अपना संगठन फिर से बनाएगा। पार्टी की ओर से कहा गया है कि प्रदेश के सभी स्तरों पर नई कमेटियों के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। नए संगठन में पुराने नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
चुनाव में हार के बाद लिया गया बड़ा फैसला
राजद का यह फैसला चुनावी हार के बाद आया है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 और बांकीपुर उपचुनाव 2026 में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर लगातार समीक्षा चल रही थी।माना जा रहा है कि संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पकड़ बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पार्टी में नए बदलाव की तैयारी
तेजस्वी यादव के इस फैसले को राजद के अंदर बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। पार्टी अब बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कोशिश करेगी। नई कमेटियों के बनने के बाद कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।फिलहाल राजद ने नई समितियों के गठन की तारीख या उसमें शामिल होने वाले नेताओं के नाम का ऐलान नहीं किया है। आने वाले दिनों में पार्टी नए संगठन की तस्वीर साफ कर सकती है।





