अहमदाबाद: गुजरात के जामनगर में बुधवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक ट्रेनी पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरे पायलट को बचा लिया गया। जामनगर के एसपी ने इस घटना की पुष्टि की है। इससे पहले, पिछले महीने हरियाणा के अंबाला जिले में भी एक जगुआर विमान ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हो गया था।
दूसरा पायलट बचा
जामनगर के एसपी प्रेमसुख डेलू ने बताया कि विमान में दो पायलट सवार थे। उन्होंने कहा कि एक पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया, जबकि दूसरे ट्रेनी पायलट की मृत्यु हो गई। शुरू में, दूसरे पायलट का कोई पता नहीं चल रहा था। दूसरे पायलट ने खुद को सुरक्षित इजेक्ट कर लिया था ।
An #IAF Jaguar fighter aircraft has crashed in Jamnagar (Gujarat), more details awaited. pic.twitter.com/fEXm62vbTV
— News IADN (@NewsIADN) April 2, 2025
अंबाला में भी हुआ था जगुआर विमान हादसा
पिछले महीने हरियाणा के अंबाला जिले में एक जगुआर लड़ाकू विमान ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हो गया था। तब IAF ने बताया था कि पायलट ने विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाकर सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर लिया था। IAF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान सिस्टम में खराबी आने के कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
Pilot has safely ejected. pic.twitter.com/By4bJz9CL9
— News IADN (@NewsIADN) April 2, 2025
हरियाणा के पंचकूला में भी हुआ था हादसा
हरियाणा के पंचकूला में भी एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, लेकिन पायलट ने पैराशूट से कूदकर अपनी जान बचा ली थी।
जामनगर हादसे की जांच जारी
पायलट ने दुर्घटनाग्रस्त विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाने के बाद सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास किया। इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए IAF ने जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, जामनगर हादसे से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विमान कैसे गिरा और इस दुर्घटना में क्या नुकसान हुआ है।




