पलामू : जिले के मेदिनीनगर स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में बीते 23 अक्टूबर को दो प्रसूताओं की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने नर्सिंग होम का क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट पंजीकरण जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया है। इस दौरान अस्पताल में नई भर्ती, प्रसव और ऑपरेशन करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 26 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, दोनों प्रसूताओं की मौत के मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से दिए गए कारण बताओ नोटिस के जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का गैप एनालिसिस करने के लिए पांच सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है।

जांच दल में एमएमसीएच, पलामू की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा सबनम होरो को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, डॉ. नीलम होरो, डॉ. अर्चना तिवारी, निश्चेतक डॉ. गौतम यादव और जिला डेटा प्रबंधक (डीडीएम) शशिकांत तिवारी को सदस्य बनाया गया है।

जांच दल को तत्काल नर्सिंग होम का स्थल निरीक्षण कर 72 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि गैप एनालिसिस पूरा होने तक नर्सिंग होम का पंजीकरण निलंबित रहेगा। इस अवधि में किसी भी प्रकार की नई भर्ती, प्रसव या ऑपरेशन नहीं किया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आदेश की प्रतिलिपि उपायुक्त, पलामू और जांच दल के सभी सदस्यों को भी भेजी गई है।







