सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (बी-33) में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक भीषण हादसा हो गया।फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक गैस सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर एक ऑपरेटर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक महिला कर्मी सहित सात अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

धमाके के साथ मची भगदड़, ऑपरेटर ने तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त जब सभी श्रमिक अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी भीषण थी कि पूरी फैक्ट्री थर्रा उठी और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।हादसे के तुरंत बाद सहकर्मियों और प्रबंधन ने बचाव कार्य शुरू करते हुए झुलसे हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया। विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे ऑपरेटर मुरली पात्रो (30), जो गम्हरिया थाना क्षेत्र के बासुरदा गांव के निवासी थे, की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। टीएमएच में भर्ती अन्य घायलों में सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव शामिल हैं, जबकि शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का इलाज स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में जारी है।
प्रबंधन की चुप्पी, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या कारखाने में अनिवार्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।वहीं, हादसे के बाद ग्लोरिया इंजीनियरिंग प्रबंधन ने सुरक्षा में हुई चूक पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता गणेश महाली ने टीएमएच पहुंचकर घायलों व पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
बार-बार हो रहे हादसों से मजदूरों में आक्रोश
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा उपकरणों और मानकों की अनदेखी के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इससे पूर्व मई महीने में भी एक कास्ट आयरन फैक्ट्री में बेल्ट टूटने से ऊंचाई से गिरकर दो मजदूरों राम मुर्मू और लखींद्र हांसदा की जान चली गई थी।स्थानीय मजदूर संगठनों का आरोप है कि कड़े नियमों के बावजूद कई लघु और मध्यम उद्योगों में आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों और गैस रिसाव की नियमित जांच नहीं होती है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







