नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कैबिनेट का विस्तार 17 अगस्त को कर सकते हैं। कई राष्ट्रीय मीडिया संस्थान सूत्रों के हवाले से ये खबर चला रहे हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम कल किसी भी समय हो सकता है । माना जा रहा है कि इस कैबिनेट विस्तार में युवा चेहरों को जगह मिल सकती है । गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर चले छात्रों के आंदोलन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था । धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले ही मंत्रीमंडल विस्तार के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन विस्तार नहीं हो सका। अब माना जा रहा है कि 17 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं । माना ये भी जा रहा है बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम का भी ऐलान हो सकता है । 2029 के चुनाव के मद्देनजर नई टीम में युवा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की चर्चा गर्म है । बांकीपुर में हार के बाद बीजेपी नई रणनीति के साथ सामने आ सकती है । गौरतलब है कि यूपी में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं और पंजाब में चुनाव नजदीक है लिहाजा कैबिनेट से लेकर पार्टी स्तर तक बड़े बदलाव की खबरें सामने आ रही हैं।









