जमशेदपुरः विश्वकर्मा पूजा के दिन जमशेदपुर में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई हैै।यहां के हरहरगुट्टू स्थित एक गैरेज में बुधवार सुबह 10 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया। गैरेज मालिक संतोष कुमार आग बुझाने की कोशिश में झुलस गया। उसे आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
रांची के कारोबारी कृष्ण गोपालका से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई, गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से भेजा धमकी भरा मैसेज
मिली जानकारी के मुताबिक, विश्वकर्मा पूजा के बाद गैरेज मालिक ने जलते हुए दीये को छोड़कर दुकान बंद की और घर चला गया। बताया जा रहा है कि उसी दीये से आग की चिंगारी उठी और गैरेज में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। लोगों करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लोगों ने खुद फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया। इस दौरान दमकल विभाग और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हुए। लोगों ने आरोप लगाया कि तत्काल सूचना देने के बावजूद न तो दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंचीं और न ही पुलिस। गुस्साए लोगों ने कहा कि अगर दमकल समय पर पहुंच जाती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।
इस घटना में गैरेज के अंदर रखे कई जरूरी पार्ट्स और सामान जलकर राख हो गए। नुकसान का आकलन 10 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


