लोहरदगा : रामनवमी-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उपायुक्त डा. कुमार ताराचंद और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के नेतृत्व में बुधवार को शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। सदर थाना से फ्लैग मार्च निकलकर बड़ा तालाब, पावरगंज, न्यू रोड, सोमवार बाजार, टीपू सुल्तान चौक, रहमत नगर समेत विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान डीसी-एसपी ने आम लोगों को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए शांति बनाए रखने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। डीसी-एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा जिले की सामाजिक समरसता की परंपरा को बनाए रखें। मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुदीप किड़ो, बीडीओ गौरी शंकर शर्मा, अंचलाधिकारी आरएन. खलखो, सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
प्रशासन ने रामनवमी जुलूसों के लिए निर्धारित मार्ग और समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

झारखंड में महंगी हुई बिजली, नये ट्रैरिफ की घोषणा, घरेलू उपभोक्ता पर बोझ, किसानों को राहत
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया फ्लैग मार्च
कैरो प्रखंड मुख्यालय सहित अन्य स्थानों में बुधवार को बीडीओ छंदा भट्टाचार्य, अंचलाधिकारी कुमारी शीला उरांव व थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी के नेतृत्व में रामनवमी को लेकर फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग में शामिल अधिकारी व पुलिस के जवान कैरो मुख्य चौक होते हुए नायाटोली के बाद विभिन्न मुहल्लों में भ्रमण करते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचे। फ्लैग मार्च के दौरान बीडीओ ने कहा कि त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कहा त्योहार के दौरान उपद्रवियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी ने कहा कि त्योहार में सभी स्थानों में पुलिस तैनात रहेंगे। अगर किसी प्रकार का कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाता है तो उसपर सीधी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एएसआई संजय कुमार, रंजन कुमार सिंह, रामाधार राम, गुड्डू शर्मा सहित पुलिस बल शामिल थे।
















