झारखंड के दुमका में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली एक लड़की के साथ बार-बार रेप करने का मामला सामने आया है। जब लड़की गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। लड़की उसके घर में काम करती थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
झारखंड के दुमका जिले में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को 13 साल की आदिवासी लड़की के साथ कथित तौर पर बार-बार रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। लड़की उसके घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी पीड़िता और उसकी मां द्वारा शनिवार को गोपीकांदर थाने में शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद हुई।
गोपीकांदर थाने के प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि लड़की को मेडिकल जांच के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है। 45 साल का आरोपी संतोष मुर्मू गोपीकांदर के तरणी गांव का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मुर्मू ने 2020 में लड़की को घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखा था।
बेल्ट से पीटा, पैंट नहीं उतार सके तो सिगरेट से दागा; बिहार में बंद कमरे में हैवानियत
अधिकारी ने कहा कि मुर्मू ने 12 अक्तूबर 2024 की रात लड़की के साथ रेप किया और किसी को भी इसके बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद उसने कई बार लड़की के साथ रेप किया। जब लड़की गर्भवती हो गई तो आरोपी उसे दुमका के एक निजी क्लिनिक में ले गया और उसका गर्भपात कराकर उसे पाकुड़ स्थित उसके पैतृक घर भेज दिया।
अपनी बेटी की हालत देखकर मां को शक हुआ। उसने उससे पूछताछ की। लड़की ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। थाना प्रभारी भगत ने बताया कि घटना का पता चलने के बाद मां न्याय की गुहार लगाने थाने आई। वह वे दवाइयां भी लाई जो आरोपी ने उसकी बेटी को गर्भपात के लिए दी थीं।
बिहार में चलती बस बनी आग का गोला; बाल-बाल बचे यात्री, भागलपुर जा रही थी बस




