धनबादः शादी से पहले प्री-वेडिंग फोटोशूट को लेकर बाराबनी के बीजेपी विधायक अरिजीत राय इन दिनों चर्चा में हैं। धनबाद से सटे आसनसोल जिले से आए इस वीडियो को लेकर बीजेपी विधायक को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया जा रहा है। विधायक ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर होने वाली पत्नी यानी मंगेतर के साथ प्री-वेडिंग शूट का वीडियो साझा किया है। वीडियो में दोनों बुलेट मोटरसाइकिल पर नजर आ रहे हैं।
हालांकि, इस दौरान विधायक के सिर पर हेलमेट नहीं दिखने से सोशल मीडिया पर यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में विधायक अपनी होने वाली पत्नी के साथ बुलेट चलाते हुए प्री-वेडिंग के खास पलों को कैमरे में कैद कराते दिखाई दे रहे हैं। शूट का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है, लेकिन बिना हेलमेट बाइक चलाने का दृश्य चर्चा का दूसरा प्रमुख विषय बन गया है।अरिजीत राय पश्चिम बंगाल के बाराबनी विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुन कर आए है। वो आसनसोल जिले से भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके है। यातायात नियमों को लेकर उनकी उपेक्षा ने जनप्रतिनिधियों को लेकर एक और नाकारात्मक छवि प्रस्तुत की है।
विधायक अरिजीत राय के अपने फेसबुक अकाउंट से वीडियो साझा किए जाने के बाद अब उनकी इस गतिविधि पर लोगों की नजरें टिकी हैं। हालांकि, उन्होंने वीडियो के साथ-साथ Disclaimer देते हुए लिखा है कि अस्वीकरण: यह हमारा प्री-वेडिंग वीडियो है, जो हमारे सगाई से पहले शूट किया गया था। ❤️
*एक विशेष घोषणा:* यह हमारा प्री-वेडिंग वीडियो है, जो हमारी सगाई से पहले शूट किया गया था। ❤️
हेलमेट पहनना बेहद महत्वपूर्ण है। हम हमेशा सभी को बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
सुरक्षित रहें, दूसरों को सुरक्षित रखें। सावधानी से ड्राइव करें। 🪖🙏
हेलमेट सुरक्षा महत्वपूर्ण है, और हम हमेशा सभी को हेलमेट पहनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। कृपया सुरक्षित राइड करें! 🪖🙏
दो पहिये एक प्यार ❤️…. • हमारी बाइक पर सूर्यास्त का पीछा करने से लेकर एक साथ सूर्योदय बनाने तक—यह हमारी हमेशा की सवारी के लिए है….
दरअसल, मोटर वाहन नियमों के तहत दोपहिया वाहन चलाने वाले और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे खुद भी यातायात नियमों का पालन कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें।





