Bhagalpur: भागलपुर जिला शिक्षा विभाग पर एक बार फिर भ्रष्टाचार का बड़ा दाग लगा है। इस बार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) शाखा के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मनोज कुमार को एक लाख 10 हजार रुपये के साथ रंगे हाथ पकड़ा है।
शनिवार को पांच सदस्यीय निगरानी टीम अचानक कचहरी परिसर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के निचले तल पर संचालित एमडीएम शाखा पहुंची। टीम सीधे डीपीएम मनोज कुमार के केबिन में दाखिल हुई, जहां से रिश्वत की यह राशि बरामद की गई। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम उन्हें अपने साथ सर्किट हाउस ले गई है। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार को भी सर्किट हाउस बुलाया गया है।




