दुमका : जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलथा गांव में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में पिता द्वारा कुदाल से प्रहार किए जाने से पुत्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिलथा गांव निवासी महेश मांझी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता जनार्दन मांझी घटना के बाद फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की मां फूलो देवी ने बताया कि उसका बेटा महेश मांझी अक्सर शराब के नशे में घर आता था और नशे की हालत में स्वजनों के साथ झगड़ा करता था। मां द्वारा भोजन देने के बावजूद वह कई बार खाना नहीं खाता था। बताया गया कि घटना के दिन भी महेश शराब के नशे में घर आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके और पिता जनार्दन मांझी के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ने के बाद जनार्दन मांझी ने घर में रखे कुदाल से महेश के सिर पर प्रहार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महेश की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना पुलिस गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर मृतक की मां फूलो देवी ने बताया कि महेश के शराब पीने और आए दिन घर में विवाद करने से परिवार के लोग परेशान रहते थे। घटना के बाद भी उनके बयान में बेटे की मौत को लेकर कोई खास दुख या आक्रोश नजर नहीं आया। उन्होंने बेटे के शराब के नशे में घर आने और परिवार से विवाद करने की बात कही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई। आरोपी पिता के पकड़े जाने के बाद ही घटना के संबंध में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





