रांचीः सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली 14 वर्षीय किशोरी ने राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के समक्ष भी अपने पूर्व के आरोपों से पलट गयी है। मंगलवार को दिल्ली से रांची पहुंची आयोग की टीम ने सीडब्ल्यूसी के संरक्षण में प्रेमाश्रम में रह रही किशोरी का बयान दर्ज किया। सूत्रों के अनुसार, आयोग के समक्ष भी किशोरी ने विधानसभा थाना में दर्ज प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों का समर्थन नहीं किया। इससे पहले बीएनएस की धारा 183 के तहत न्यायालय में दर्ज बयान में भी वह आरोपों से पलट गयी थी।
13 नवंबर को दर्ज करायी थी प्राथमिकीः किशोरी ने 13 नवंबर को रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी, इसमें विधायक भूषण बाड़ा और दो महिलाओं एमा बाड़ा व जोसिमा खाखा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। किशोरी ने आरोप लगाया था कि मई 2006 में दोनों महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर विधायक आवास ले आयी थीं। वहां उससे घरेलू काम कराया जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। साथ ही पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था।
इधर, पूछताछ के लिए पॉक्सो कोर्ट पहुंची सिमडेगा पुलिस
सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ विधानसभा थाना में दर्ज दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आ गया है। नबालिग को अगवा कर डराने-धमकाने और दवाब बनाकर विधायक के खिलाफ गलत गवाही दिलाने के आरोप में सिमडेगा के पाकरटांड थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इस मामले की जांच के सिलसिले में मंगलवार को सिमडेगा पुलिस नाबालिग का बयान लेने के लिए पॉक्सो कोर्ट पहुंची। हालांकि, फिलहाल नाबालिग को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के संरक्षण में रखा गया है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी। सिमडेगा पुलिस अभी रांची में ही कैंप कर रही है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में नाबालिग के दादा ने पाकरटांड थाना में लिखित आवेदन दिया था। इसमें आरोप लगाया गया है कि उनकी नाबालिग पोती को दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती नाम के दो व्यक्तियों ने अगवा कर लिया था। इसके बाद उसे डराया-धमकाया गया और सिमडेगा विधायक के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बातें बोलने के लिए दवाब बनाया गया। आरोप है कि दोनों ने नाबालिग को विधायक के खिलाफ गलत आरोपों के संबंध में गवाही देने के लिए विवश किया। दवाब में आकर नाबालिग ने विधायक के खिलाफ आरोप लगाते हुए गवाही दी, जिसका प्रसारण एक न्यूज चैनल पर भी किया गया।





