डेस्कः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की लॉन्चिंग के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने कैंब्रिज के दिनों का एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया, कैसे अपनी गर्लफ्रेंड को उस रेस्टोरेंट में ले गए थे, जहां उनके माता-पिता (पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी) पहली बार मिले थे। राहुल गांधी ने पापा की गोद में मम्मी के बैठने का किस्सा भी साझा किया।
मैं अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट ले गया, जहां…
किताब लॉन्चिंग के दौरान राहुल गांधी मंच से स्पीच दे रहे थे। तभी उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र करते हुए कहा- “जब मैं कैम्ब्रिज में था, तो मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा- आओ वार्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं। उसे इसके बारे में कोई आइडिया नहीं था। फिर हम वहां गए। मैं यह देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता पहली बार कहां मिले थे।”
राहुल गांधी रेस्टोरेंट में पहुंचे तो क्या दिखा
राहुल गांधी ने आगे बताया- “हम वहां पहुंचे तो मुझे याद है कि वहां पीले रंग का दरवाजा था। वहां एक सज्जन खड़े थे। उन्होंने मुझसे पूछा- आप कितने लोग हैं? तो मैंने कहा कि हम 2 लोग हैं। उन्होंने इशारा करते हुए कहा- आइए बैठ जाइए। जब हम बैठ गए, तो उन्होंने हमें मेन्यू दिया। इसके बाद मैंने कहा- आप जानते हैं मेरे माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे।”
राहुल गांधी बोले, अगर किसी को प्यार में पड़ना है…
इसके बाद राहुल गांधी ने दावा किया कि वहां काम करने वाले उस कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचान लिया। उसने बताया कि उसे वे दोनों (राहुल गांधी के माता-पिता) याद हैं। इसके बाद राहुल गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में रेस्तरां के एक खास पकवान ‘चिकन चॉसर’ का भी जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
पापा की गोद में मम्मी बैठी होती थीं…
इसी स्पीच में राहुल गांधी ने पापा की गोद में मम्मी के बैठने का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया- मैंने ऐसा किसी और घर में नहीं देखा। हर बार खाना खाते समय पापा होते थे, और पापा की गोद में मम्मी होती थीं। मुझे लगता था कि यह एक नॉर्मल बात है, इसलिए मैं अपने दोस्त के घर जाता था, और वे एक-दूसरे की गोद में नहीं बैठे होते थे। तब मैं अपने दोस्तों से पूछता था, तुम्हारी मम्मी तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं?”





