Samastipur News: समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र में छठ पूजा के प्रसाद को लेकर हुई मारपीट में चार साल की बच्ची की मौत हो गयी। आरोप है कि प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज मां ने अपनी बेटी की पिटाई कर दी। इसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गयी। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गये, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहम्मदपुर बिरौली गांव की है घटना
मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिवार में बच्ची की मौत से शोक है। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
प्रसाद जूठा करने पर पिटाई का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से मां नाराज हो गयी। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसने बच्ची की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, घटना के कारणों और बच्ची की मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से होगी।





