डेस्कः छोटे भाई की पत्नी का पहले रेप किया और फिर जुर्म से बचने खातिर हत्या कर दी। दरिंदे की हैवानियत यहीं नहीं रुकी, महिला के शव को काटकर कढ़ाई में भूनकर खाने की कोशिश भी की। यह क्रूर घटना झारखंड के सरायकेला में घटी है। रेप, हत्या और शव के साथ छेड़छाड़ का मुख्य आरोपी महिला का ‘आदमखोर’ जेठ बताया गया है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पूछताछ जारी है।
मेला देखकर आई और जेठ के घर रुक गई
मृतका की पहचान जोम्बरो निवासी विश्वासी सोय (47) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम पैलुश मुंडा (54) है। वह रिश्ते में मृतका का जेठ लगता है। मंगलवार को गांव के बाहर मेला लगा था और साथ ही हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन भी हो रहा था। विश्वासी सोय वहां हंडिया बेचने गई थी। शाम को घर लौटते समय वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई।

शराब के नशे में किया रेप, फिर हत्या
घर पर पैलुश मुंडा और गांव के कुछ अन्य लोगों ने मिलकर शराब पी। देर रात होने और अधिक नशा हो जाने के कारण बाकी लोग तो अपने-अपने घर चले गए, लेकिन विश्वासी वहीं रुक गई। ग्रामीणों और शुरूआती जानकारी के मुताबिक, घर में महिला को अकेला पाकर आरोपी पैलुश मुंडा की नीयत बिगड़ गई। उसने नशे की हालत में महिला का रेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने और जुर्म सामने आने के डर से आरोपी ने महिला की हत्या कर दी।
महिला का शव भूनकर खाने की कोशिश…
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के लिए शव को गांव के ही एक नाले में फेंक दिया। लेकिन उसकी दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मृतका के शरीर के कई हिस्सों (जांघ, कलेजी और निजी अंगों) को काट लिया और घर के पीछे कढ़ाई में भूनकर खाने की कोशिश कर रहा था। मंगलवार देर रात जब कुछ ग्रामीणों की नजर इस भयावह दृश्य पर पड़ी और नाले में महिला का शव देखा गया, तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने पहले पीटा, फिर किया पुलिस के हवाले
आरोपी की इस आदमखोर प्रवृत्ति को देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, लेकिन उन्होंने कानून हाथ में लेने के बजाय समझदारी दिखाई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपी पैलुश मुंडा को मौके से ही दबोच लिया और रस्सी से बांधकर रात भर अपनी निगरानी में रखा। घटना की सूचना दलभंगा ओपी पुलिस को दी गई। बुधवार सुबह पुलिस की टीम गांव पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।







