गुमला : ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के आह्वान पर गुरुवार से शुरू हुए राष्ट्रव्यापी स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन का असर गुमला में भी देखने को मिला। ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन की जिला कमेटी ने सुबह टावर चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों ने सड़क पर दरी बिछाकर धरना दिया और वाहनों को आड़े-तिरछे खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और यातायात सामान्य कराया। लेकिन करीब 7:30 बजे यूनियन के सदस्य दोबारा सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। इससे बसों का परिचालन प्रभावित हुआ। कई बसें रास्ते में ही रोक दी गईं।
निशा भगत के नाम पर बंद की अफवाह से भ्रम
इस बीच सोशल मीडिया पर आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के विरोध में बंद बुलाए जाने की अफवाह फैल गई। भ्रम की स्थिति में कई स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को व्हाट्सएप पर स्कूल बंद रहने का संदेश भेज दिया। हालांकि, संदेश नहीं देख पाने वाले कई बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकल गए और रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। यात्रियों और अभिभावकों को भी परेशानी हुई।
ड्राइवरों के लिए सुरक्षा कानून की मांग
यूनियन ने एसडीओ को दिए आवेदन में ड्राइवरों के लिए प्रभावी सुरक्षा कानून बनाने, राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग और वेलफेयर बोर्ड के गठन, बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा देने की मांग की है। इसके अलावा कार्य के घंटे निर्धारित करने, सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर 20 लाख रुपये और अपंगता की स्थिति में 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग शामिल है। यूनियन ने आंदोलन को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संचालित करने की बात कही थी।






