रांचीः प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोयला घोटाले की जांच के दौरान धनबाद के चर्चित व्यापारी एलबी सिंह और कुंभनाथ सिंह को फिर नोटिस भेजा है। दोनों भाइयों को 6 नवंबर को दिन के 11 बजे तक ईडी के रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। ईडी कोयला घोटाले के दूसरे चरण की छापामारी के बाद एलबी सिंह और कुंभनाथ सिंह से पहले दौर की पूछताछ कर चुकी है।
पहले दौर में हुई पूछताछ के दौरान इन दोनों भाइयों ने ईडी द्वारा मांगे गये आवश्यक दस्तावेज नहीं दिये थे। दोनों ने आवश्यक दस्तावेज सौंपने के लिए समय मांगा था। ईडी ने उन्हें आवश्यक दस्तावेज देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया था। लेकिन निर्धारित समय पर दोनों ने दस्तावेज नहीं दिये। इसके बाद ईडी ने कई बार आवश्यक दस्तावेज सौंपने के लिए निर्देश और समय दिया। लेकिन दोनों में से किसी भाई ने दस्तावेज नहीं सौंपे।
इस बात के मद्देनजर ईडी ने दोनों भाइयों को नोटिस जारी कर ईडी कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश दिया। दूसरे चरण में छापामारी के दौरान म्यूचुअल फंड में 160 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले थे। इसमें से अधिकांश निवेश एलबी सिंह से संबंधित था।







