पटना: पत्नी से विवाद के कारण चर्चा में रहे आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटा दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से बिहार पुलिस मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया गया है। भानु प्रताप की जगह शिवहर के एसपी रहे शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।
गृह विभाग ने बुधवार को चार आईपीएस समेत पांच पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है, जबकि एक को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। बीसैप-16, पटना के समादेष्टा और पटना के एसपी (विधि-व्यवस्था) की दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे अपराजित को राज्यपाल के परिसहाय का पद दिया गया है।
इसके अलावा नवप्रोन्नत आईपीएस अधिकारी कुमारी ममता कल्याणी को बीसैप-10, पटना के समादेष्टा के साथ बीसैप-16 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, बिहार पुलिस सेवा के पदाधिकारी और पटना सिटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-एक राजकिशोर सिंह को छपरा का नया सिटी एसपी बनाया गया है।
भानु प्रताप सिंह का पत्नी से चल रहा विवाद
मालूम हो कि भानु प्रताप सिंह का उनकी पत्नी पूजा सिंह से घरेलू विवाद चल रहा है। वह एक दिन पूर्व खगड़िया एसपी के आवास भी पहुंची थी। आवास में प्रवेश न मिलने पर उन्होंने महिला थाने में भी शिकायत का आवेदन सौंपा था। इसके अलावा उनकी पत्नी पुलिस मुख्यालय में भी डीजीपी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों से गुहार लगा चुकी हैं।







