पटना: चलती ट्रेन में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने और विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच मंगलामुखी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित पर एक यात्री के साथ गाली-गलौज, मारपीट और दांत से काटकर घायल करने के साथ ही 1500 रुपये छीनने का आरोप है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से पूरी रकम भी बरामद कर ली है। घटना दो नवंबर को ट्रेन संख्या 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस में हुई। रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन से पांच मंगलामुखी जनरल बोगी में सवार हुए और यात्रियों से जबरन पैसे मांगने लगे। इसी दौरान उन्होंने यात्री माजिद आलम (20) से रुपये मांगे।
दांत काटकर किया घायल
आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहने पर आरोपितों ने उनके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की और दांत से काटकर घायल कर दिया। इस दौरान उनकी जेब से 1500 रुपये भी छीन लिए गए। घटना की सूचना मिलने पर रेल थाना बक्सर के थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया।
रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना बक्सर कांड संख्या 233/26 दर्ज किया गया। गिरफ्तार मंगलामुखी की पहचान 19 वर्षीय रूबेल उर्फ सोनिया, 20 वर्षीय टौनी उर्फ सुम्या, अजहर उर्फ खुशी, 26 वर्षीय बानू उर्फ चम्पा और 19 वर्षीय मेराज उर्फ बिजली के रूप में हुई है। सभी भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से 500 रुपये के तीन नोट बरामद किए हैं।







