पलामूः जिले के उंटारी रोड में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने ऑटो चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने मौसी के घर जा रही थी। जिसके लिए उसने मोहम्मदगंज में ऑटो पकड़ी। ऑटो में चालक के अलावा दो और युवक सवार थे। बाकी दोनों भी ऑटो चलाते थे। ऑटो में सवार होकर नाबालिग अपनी मौसी के गांव पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक, उसी गांव में नाबालिग का कथित प्रेमी भी रहता था। लेकिन लड़की के साथ तीन और लोगों को देखकर वह वहां से भाग गया।
जिसके बाद नाबालिग उसी ऑटो में सवार होकर वापस मोहम्मदगंज जाने लगी। ऑटो चालक के साथ बाकी अन्य दो युवक भी साथ छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान बराज के पास नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
यह घटना 29 अक्टूबर की रात को हुई। नाबालिग के कथित प्रेमी के फरार हो जाने के बाद, नाबालिग के परिजन चिंतित हो गए। परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने को दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।पुलिस इस मामले में कथित प्रेमी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान, पुलिस नाबालिग तक पहुंची. जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीनों युवक पलामू के भदुमा गांव के रहने वाले हैं।







