दरभंगा। डीएमसीएच इमरजेंसी में सोमवार देर शाम महिला ट्रेनी ओटी असिस्टेंट से छेड़छाड़ के आरोप में आउटसोर्सिंग पर तैनात ड्रेसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। अन्य कर्मियों और सुरक्षा गार्डों से जानकारी मिलने पर अस्पताल अधिकारियों ने पीड़िता से पूछताछ की। इसके बाद अस्पताल अधीक्षक डा. जगदीश चंद्र ने बेंता थाने को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपि को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा
थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ डीएमसीएच पहुंचे। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ड्रेसर सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।बताया जाता है कि पीड़िता डीएमसीएच पारा मेडिकल कालेज की छात्रा है और ट्रेनी के तौर पर सर्जरी ओटी में तैनात थी। सोमवार की शाम को करीब सात बजे वह इमरजेंसी स्थित ड्रेसर कक्ष के सामने से गुजर रही थी।

इस बीच कक्ष में मौजूद सुजीत कुमार ने उसका हाथ पकड़कर अंदर खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के कर्मी मौके पर पहुंचे तो आरोपित भाग गया।
थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ड्रेसर कक्ष का निरीक्षण कर सीसी कैमरे के फुटेज भी खंगाला गया है। इधर, अस्पताल अधीक्षक के निर्देश पर आउटसोर्सिंग एजेंसी ने आरोपी ड्रेसर की सेवा समाप्त कर दी है।





