प्रेमिका से मिलने गयाजी से चतरा पहुंचे तीन प्रेमी, गांव वालों ने कर दी पिटाई, दो युवकों की हालत गंभीर, एक हुआ फरार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 26, 2026

प्रेमिका से मिलने गयाजी से चतरा पहुंचे तीन प्रेमी, गांव वालों ने कर दी पिटाई, दो युवकों की हालत गंभीर, एक हुआ फरार

 चतरा : थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। मारपीट की इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरा युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घायल युवकों की पहचान बिहार के गयाजी जिले के बांके बाजार थाना क्षेत्र के जोंधी गांव निवासी रंजन कुमार और रंजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों का इलाज हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घायल रंजन कुमार के अनुसार करीब 20 दिन पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी भोजपुर गांव की रहने वाली एक लड़की से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी।

गुरुवार की रात करीब 11 बजे लड़की ने रंजन को फोन कर उससे मिलने के लिए भोजपुर गांव बुलाया था। इसके बाद रंजन अपने दो दोस्तों रंजीत कुमार और सुजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से भोजपुर गांव पहुंचा। रंजन का आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद जैसे ही तीनों युवक वहां पहुंचे, लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। ग्रामीणों की पिटाई से रंजन और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।

See also  झारखंड के साहिबगंज में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से उपर, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

वहीं, उनके साथ मौजूद सुजीत कुमार किसी तरह ग्रामीणों के चंगुल से निकलकर वहां से भाग गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने ही दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल युवकों के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, युवकों के साथ हुई मारपीट के कारण मामला चर्चा में आ गया है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली थी। मामले में दोनों पक्षों के बयान और जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now