डेस्कः भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडेय से शनिवार को फोन करके अपराधियों ने रंगदारी मांगी है। कॉलर ने खुद को डॉन बताकर रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। वहीं इसकी शिकायत रितेश पांडेय ने सारनाथ पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सारनाथ थाने में रितेश पांडेय ने जो तहरीर दी है उसके मुताबिक शुक्रवार (18 सितंबर) को भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार सिंगर रितेश पाण्डेय के मोबाइल पर एक फोन आता है। फोन करने वाले ने अपना नाम बुलबुल यादव और सारनाथ का रहने वाला बताया।

रितेश पांडेय के साथ गाली गलौज
इधर उधर की बात करने के बाद खुद को बुलबुल यादव बताने वाले उस व्यक्ति ने एकदम से रितेश पांडेय के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। गाली देने के साथ ही उसने 10 लाख रुपए की मांग और नही देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
जान से मारने की धमकी
बुलबुल यादव के साथ उसका एक दोस्त भी था, उसने भी मुझसे रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। रितेश पांडेय ने तत्काल इसकी जानकारी सारनाथ पुलिस को दी। रितेश पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले की जांच करने के बाद सारनाथ थाने में देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुलबुल यादव की गिरफ्तारी के लिए दबिश
बुलबुल यादव एवं एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3),352 और 308(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुलबुल यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। रितेश पांडेय भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार गायक एवं एक्टर हैं। वो 2025 का बिहार विधानसभा का चुनाव भी करगहर विधानसभा सीट से लड़ चुके हैं। हालांकि उनको हार का सामना करना पड़ा था।





