रांचीः झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता विमला प्रधान का शुक्रवार रात रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया। उनको गुरुवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। गैस्ट्रोलॉजी की शिकायत पर उनका इलाज डॉक्टर प्रणव मंडल की देखरेख में शुरू हुआ था, लेकिन बाद में मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर होने के बाद डॉक्टरों की टीम बना दी गयी थी। हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने वर्ष 2009 और 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। विमला प्रधान पर्यटन विभाग की मंत्री बनीं थीं। विमला प्रधान द्वारा गोंडा जाति के विकास के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किये गये। वह गोंडा महासभा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं।
विमला प्रधान झारखंड सरकार में पर्यटन, समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी थीं। मंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल में पर्यटन और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी उनके पास रही। विधानसभा में उनके कार्यों और सक्रियता को देखते हुए वर्ष 2017 में उन्हें ‘उत्कृष्ट विधायक’ सम्मान से नवाजा गया था। यह सम्मान झारखंड विधानसभा की समिति की ओर से दिया गया था।

झारखंड की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आदरणीय श्रीमती विमला प्रधान जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ा देने वाला है। उनका निधन राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में स्व विमला जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल… pic.twitter.com/dlgaIOZcX8
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) September 18, 2026
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधान का निधन पार्टी और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधान ने सार्वजनिक जीवन में लंबे और सक्रिय जुड़ाव के जरिए समाज तथा राज्य की सेवा की।मरांडी ने कहा, ‘उनका निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण के साथ-साथ लोगों की सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।’





