रांचीः बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब के कारण झारखंड के कई जिलों में बुधवार को बारिश और वज्रपात हुई। वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग इसकी चपेट में आने से झुलस गए।
लोहरदगा के डेसल स्थित डंपिंग यार्ड में मजदूर अयूब अंसारी और अकाशी गांव में कोयली उरांव की वज्रपात से मौत हो गई। पलामू जिले के पिपरा प्रखंड में किसान कुलदीप यादव की मौत वज्रपात से हो गई। वहीं गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के दोमुहानी घुज्जी में मजदूर हुलास महतो और बगोदर के करंबा गांव में अंतू महतो की वज्रपात से मौत हो गई।

गुरुवार को रांची सहित 18 जिलों में वज्रपात व तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है। इनमें रांची के अलावा खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिहंभूम जिले शामिल हैं। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 18 सितंबर को भी रांची सहित राज्य के सभी जिलों में बारिश व वज्रपात की संभावना है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।




