लोहरदगा : जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के सेरेंगहातु तोड़ार गांव में कुएं में डूबने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजली शाहदेव के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। अंजली अपने ससुराल रामपुर से मायके आई हुई थी। जानकारी के अनुसार अंजली बुधवार को घर के आसपास घूम रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पास स्थित कुएं में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और इसकी सूचना सेन्हा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी नीरज झा के निर्देश पर एसआइ अविनाश राम ने घटनास्थल पर पंचनामा तैयार किया।
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंपा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुएं में डूबने से महिला की मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







