पलामूः मेदिनीनगर के नवाटोली में घर में घुसकर साधना सिंह नामक महिला की चाकू मारकर हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात को रात के अंधेरे में अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
घर में घुसकर महिला की हत्या से इलाके में सनसनी
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
प्रारंभिक जानकारी और स्थानीय चर्चाओं में हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में एक संदिग्ध युवक का नाम भी सामने आया है। हालांकि, हत्या के कारणों और संदिग्ध की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
संदिग्ध युवक की तलाश में छापेमारी
घटना के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। संदिग्ध युवक और अन्य संभावित आरोपितों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य भी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। संदिग्ध की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।





